नेता जान चुके हैं आपको क्या पसंद है! - ADAP News - अपना देश, अपना प्रदेश!

Header Ads

नेता जान चुके हैं आपको क्या पसंद है!


सम्पादकीय 

लेख- बेचन प्रसाद यादव
(डिजिटल/पोर्टल)

नेता जान चुके हैं आपको क्या पसंद है!

यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक है। पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह इस बार भी नेता नगरी इस बात को लेकर आश्वस्त है कि उन्हें आपके 1 वोट के लिए आपको क्या चाहिए होगा।

वो जानते हैं कि आपको अपने भविष्य, अपने परिवार, अपने घर के बच्चों, उनके रोज़गार की चिंता तनिक भी नही है। वह यह खूब जानते हैं कि आपको क्या मिल जाए जिससे आप अपने मुद्दों से भटक जाएं। वह जानते हैं कि आपको 5 किलो फ्री का राशन चाहिए अपने बच्चों के भविष्य पर सवाल न उठाने और आपके मुंह बंद करने के लिए। वह जानते हैं कि क़मर तोड़ महंगाई के सवाल पर आपका मोतियाबिंद कैसे करना है, क्योंकि अब आप मेहनत और परिश्रम की बजाय फ्री के 2000 रुपये के आदी हो गए हैं।

वह यह जानते हैं कि यह आप कतई नही सोच सकते कि जितना वो आपको एक महीने में एक यूनिट पर फ्री का राशन देते हैं उसका दोगुना-तीनगुना एक महीने के घरेलू गैस सिलेंडर पर वसूल लेते हैं। अब राशन में फ्री का टैग लगा है तो भला आपकी बुद्धि इतना सोचने की ज़हमत क्यों उठाएगी। वह जानते हैं कि आपको साल में 6 हजार रुपए मिलने के बाद बढ़े हुए डीज़ल पेट्रोल के दामों पर आप क्यों बोलेंगे! ये जो बड़े नेताओं के IAS सिक्रेट्रीज होते हैं न ये आपको शारीरिक और मानसिक रूप से अपाहिज बनाने की ऐसी तरकीबें अपने सफेदपोशों को इन योजनाओं के रूप में देते रहते हैं। यक़ीन मानिए जब वो आपस में बातें करते होंगे तो यह जरूर कहते होंगे कि इस जनता को अभी के लिए कुछ भी फ्री का दे दो बाकी सत्ता बरकार रहेगी पूरे कार्यकाल उनका खून निचोड़ने के लिए। और आप उन्हें यह मौका हर बार देते भी हैं।

खासकर यूपी के चुनावी माहौल में उन्हें काफ़ी पहले से यह भी पता है कि आपके 1 वोट की क़ीमत सिर्फ 500 रुपए और चखना है। वे जानते हैं कि आप विकास तो चाहते हैं लेकिन हाथ में फ्री का चवन्नी भी दे दिया जाए तो आप गूंगे और बहरे होकर सब कुछ ठीक-ठाक होने की नौटंकी भी अच्छे से कर सकते हैं।

वह जानते हैं कि आपके घरों के युवाओं की अहमियत क्या है! वह जानते हैं कि आपके घरों के युवाओं को पढ़ लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, कलेक्टर आदि बनान पसंद नही है क्योंकि उन्हें पार्टी बूथ कार्यकर्ता, पार्टी बूथ अध्यक्ष, पार्टी संयोजक, पार्टी नगर अध्यक्ष, पार्टी विधानसभा अध्यक्ष, पार्टी मंडल अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता होने में सबसे अधिक गर्व महसूस होता है। वह आपके घरों के युवाओं की नसों तक अपनी पकड़ बना लिए हैं, उन्हें यह पता है कि आपके घरों के युवाओं को अच्छे ब्रांड के शराब, बियर और कुछ पैसे मिल जाएं तो पार्टी के लिए वो खतरों के खिलाड़ी बनने के लिए तैयार हो जाएंगे।

इसीलिए जनता का जनता के द्वारा जनता के लिए शासन नही बल्कि नेताओं का नेताओं के लिए नेताओं द्वारा आप पर शासन करना आज की राजनीतिक परिभाषा हो गई है। क्योंकि नेता नगरी आपकी कमजोरियों को जान चुकी है। आप परिवर्तन चाहते नही क्योंकि आपको फ्री जो चाहिए होता है।

लेख में व्यक्त विचार मेरे अपने व्यक्तिगत हैं, दिल पर मत लेना। पढ़ना और फिर भूल जाना। और इंतज़ार करना कि आगे क्या क्या फ्री आ रहा है, क्योंकि परिवर्तन के लिए सबका त्याग आपके बस की बात नही है...

No comments