सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला - ADAP News - अपना देश, अपना प्रदेश!

Header Ads

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला

 


बेचन यादव 

लखनऊ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार और यूपी में दो बार की सरकार के तमाम झूठे दावों की सच्चाई यह है कि आज भी आदिवासियों, गरीबों और किसानों की हालत ज्यों की त्यों है, उनकी आर्थिक, सामाजिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से सभी त्रस्त हैं। जनता को सामान्य जनसुविधायें बिजली, पानी, सड़क, रोटी, कपड़ा, दवा और पढ़ाई भी भाजपा सरकार में नहीं मिल पा रही है। चारो तरफ लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भाजपाई झूठे और निम्नस्तरीय सोच वाले है। इसलिए इनसे सावधान रहना है। हमारा पहला लक्ष्य भाजपा को केन्द्र की सरकार से हटाना है। तभी ईवीएम हटेगी और जनता को खुशहाली मिलेगी। उन्होंने कहा कि ईवीएम का आविष्कार जापान ने किया था लेकिन जापान में बैलट से चुनाव होता है।


अखिलेश यादव आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे ज्यादा जातिवादी पार्टी है। नाम बदलना ही भाजपा अपनी उपलब्धि मानती है। अपने दो कार्यकाल में भाजपा ने समाजवादी पार्टी के कामों को ही अपना बताकर अपनी वाहवाही करवा रही है। अब जनता भाजपा सरकार की धोखेबाजी को समझ गयी है। समाजवादी पार्टी पीडीए इंडिया गठबंधन के बूते भाजपा को केन्द्र की सत्ता से हटायेगी।


यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना होना आवश्यक है। जनगणना से विकास योजनाओं में समानुपातिक भागीदारी होगी जिससे उनका लाभ सभी को मिल सकेगा। डॉ0 भीमराव अम्बेडकर और मंडल कमीशन ने पिछड़ों, दलितों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। समाजवादी सरकार बनने पर जातीय जनगणना से सभी को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है। भाजपा सरकार की नीतियां आरक्षण विरोधी है। भाजपा सरकार आरक्षण को समाप्त करने के लिए आउटसोर्सिंग से भर्ती कर रही है।

अखिलेश यादव ने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बिजली का उत्पादन समाजवादी सरकार में ही दुगना हुआ था। गरीबों को इलाज की मुफ्त सुविधा दी गई थी। गंभीर रोगों किडनी, लीवर, हार्ट, कैंसर के इलाज की निःशुल्क सुविधा थी। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांट कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने का काम किया गया था। उन्होंने कहा कि विकसित भारत कैसे बनेगा जब किसान कर्ज में डूबकर आत्महत्या करने को मजबूर है? सरकार किसानों को उनकी फसल का एमएसपी तक नहीं दे पा रही है। नौजवान बेरोजगारी से परेशान हो रहा है। शिक्षा महंगी है।


यादव ने कहा कि हम आत्मनिर्भर कैसे होंगे। जब दूसरों से कर्ज लेते रहेंगे। मोबाइल का सामान चीन से आयात हो रहा है। बुलेट ट्रेन के लिए जापान से सामान खरीदा जा रहा है। प्रदेश में पूंजीनिवेश नहीं हो रहा है। बैंकों में लूट मची हुई है। भाजपा सरकार ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया परन्तु उद्योगपतियों का 15 लाख करोड़ रूपया कर्ज माफ कर दिया। सरकार की गलत नीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था चौपट है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान होना चाहिए। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ स्तर पर सतर्क रहे। इंडिया गठबंधन में पीडीए लोकसभा चुनाव 2024 में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

No comments