जनसामान्य के शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा फरियादियों की संतुष्टि ही समाधान दिवस का उद्देश्य-डीएम - ADAP News - अपना देश, अपना प्रदेश!

Header Ads

जनसामान्य के शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा फरियादियों की संतुष्टि ही समाधान दिवस का उद्देश्य-डीएम

 


संत कबीर नगर  जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्व निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जा कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने व निस्तारण के अभाव में एक ही समस्या को आवेदक द्वारा बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। नवागत जिलाधिकारी को मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की प्रथम बार अध्यक्षता करने हेतु तहसील में आगमन पर उप जिलाधिकारी योगेश्वर सिंह व तहसीलदार निशा श्रीवास्तव द्वारा बुके भेंट कर स्वागत किया गया।

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि कार्यो में ढिलाई कदापि न बरती जाये, सभी लाभार्थीपरक योजनाएं जैसे-वृद्धावस्था पेंशन, निर्विवाद वरासत और कागजात दुरूस्ती के मामले आदि में कैम्प लगाकर तत्काल सुलझाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये, अधिकारीगण आवश्यकतानुसार देर शाम तक रूककर कार्यो को निपटाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हुए पेंशन प्राप्त से वंचित लाभार्थियों का आधार सीडिंग का कार्य मौके पर ही कराया गया। जिलाधिकारी ने विद्युत समाधान दिवस का शासनादेश के अनुसार कैम्प लगा कर आवेदकों/प्रार्थियों की विद्युत विभाग से सम्बंधित शिकायतों का निस्तारण अधिशाषी अभियन्ता विद्युत को करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारीगण गावों के भ्रमण पर जायं, अपने विभाग से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओं/कार्यक्रमों का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीडबैक भी ले। 

मेंहदावल तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 02 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने इस आयोजन में पिछले संपूर्ण समाधान दिवसों में प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में निस्तारण मे विलम्ब के कारण का भी उल्लेख किया जाय साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करा दिया जाय। 

कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। यह सुनिश्चित कराया जाय कि पीडितों को न्याय मिले। पुलिस अधिकारीगण प्रत्येक प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करें। प्रत्येक प्रकरण में तुरन्त कार्यवाही करने की व्यवस्था की जाय।

इस अवसर उप जिलाधिकारी मेंहदावल योगेश्वर सिंह, उप जिलाधिकारी/अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत नवीन श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल, तहसीलदार मेंहदावल निशा श्रीवास्तव, सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग से सम्बंधित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें। 

इसी क्रम में खलीलाबाद तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न मामलों से सम्बंधित फरियादियों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया, उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में स्थलीय जांच एवं अन्य कार्यवाही आदि के दौरान अधिकारीगण शिकायतकर्ता के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा दोनो पक्षों की पूरी बात को अवश्य सुने क्योकि शिकायतकर्ताओं/फरियादियों की संतृष्टि ही समस्या के निस्तारण का मुख्य लक्ष्य है। समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी द्वारा आवेदक वीरवहादुर सिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह, निवासी जमुनीकला तहसील धनघटा के निवासी के भूमि ग्राम गोरखर तहसील खलीलाबाद में थी। आवेदक ने चन्द्रभान सिंह मृतक की वरासत खतौनी में न आने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया जिस पर तत्काल अपर जिलाधिकारी द्वारा त्वरित कार्यवाही कराते हुए वरासत खतौनी में दर्ज करवाया गया तथा आवेदक को खतौनी उपलब्ध कराई गयी। तहसील खलीलाबाद में कुल 64 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 08 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कानून व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन से सम्बधित मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह द्वारा की गयी। उन्होंने किसी भी विवाद की स्थिति में थानाध्यक्षों को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने, शांति व्यवस्था बरकरार रखने आदि से सम्बंधित आवश्यक दिशा-निर्देेश दिये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अजय कुमार त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशुमान मिश्र, नायब तहसीलदार विजय गुप्ता, सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में धनघटा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उप जिलाधिकारी ने विभिन्न मामलों से सम्बंधित एक-एक कर फरियादियों के समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। तहसील धनघटा में कुल 12 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। 


No comments