एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई: कानूनगो राम कुशल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, निलंबित
संतकबीरनगर।प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान को बल मिलता हुआ दिखा, जब भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने मेहदावल तहसील में तैनात कानूनगो राम कुशल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सोमवार शाम 6:40 बजे के करीब तहसील गेट के पास बिजली कॉलोनी की चाय दुकान पर की गई।
जानकारी के अनुसार, कंपियरगंज निवासी संदीप साहनी पुत्र प्रहलाद एक जमीन विवाद के सिलसिले में तहसील के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि कानूनगो राम कुशल ने पहले उनसे ₹10,000 की रिश्वत ली और बाद में अतिरिक्त ₹5,000 की मांग की।
थक-हारकर पीड़ित ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की दूसरी किश्त लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बखिरा थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी राम कुशल प्रयागराज निवासी हैं और राजस्व निरीक्षक (RI) के पद पर कार्यरत थे। घटना के तुरंत बाद उन्हें पद से निलंबित कर दिया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की निरीक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई से मेहदावल तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारी और अधिकारी वर्ग के बीच खलबली मच गई है, वहीं आमजन ने एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई की सराहना की है।
—
Post a Comment