डीएम ने शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान हेतु जनपद मुख्यालय से बाईपास/रिंग रोड सहित महत्वपूर्ण मार्गों का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण कराये जाने की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रमुख सचिव को भेजा पत्र - ADAP News - अपना देश, अपना प्रदेश!

Header Ads

डीएम ने शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान हेतु जनपद मुख्यालय से बाईपास/रिंग रोड सहित महत्वपूर्ण मार्गों का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण कराये जाने की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रमुख सचिव को भेजा पत्र


 संत कबीर नगर  जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा सुगम आवागमन के दृष्टिगत शहर के कुछ महत्वपूर्ण मार्गों का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तिय स्वीकृति हेतु प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग, उ0प्र0 शासन को पत्र भेजा है। 

जिलाधिकारी ने शासन को भेजे गये अपने पत्र में मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराये जाने से सम्बन्धित कारणो एवं जरूरतों का विस्तृत उल्लेख करते हुए लिखा है कि जनपद संत कबीर नगर में बांसी नन्दौर खलीलाबाद मार्ग से जिलाधिकारी आवास होते हुए टाईप-4 आवास तक सम्पर्क मार्ग पर ऑफिसर कालोनी व कई कार्यालय स्थित है। इसी मार्ग पर जैव विविधता पार्क का कार्य प्रस्तावित है। वर्तमान में यह मार्ग 3.75/3.00 मी० चौड़ाई में निर्मित है। जिसके कारण वाहनों के आवागमन में जाम की समस्या उत्पन्न होती है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय पहुँचने में विलम्ब की स्थिति बनी रहती है जिसके दृष्टिगत वित्तीय वर्ष 2024-25 में बांसी नन्दौर खलीलाबाद मार्ग से जिलाधिकारी आवास होते हुए टाईप-4 आवास तक सम्पर्क मार्ग लम्बाई लगभग 1.20 किमी0 चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति अपेक्षित है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा शासन को भेजे गये एक अन्य पत्र के माध्यम सें अवगत कराया गया है कि जनपद संतकबीरनगर में लखनऊ-गोरखपुर मार्ग (राष्ट्रीय मार्ग सं0-28) एवं नन्दौर न्योरी मार्ग (राष्ट्रीय मार्ग सं0-328ए) जनपद मुख्यालय के समीप खलीलाबाद शहरी भाग से गुजरती है। इन मार्गों पर भारी वाहनों का निरन्तर आवागमन बना रहता है। जिसके कारण शहरी भाग में जाम की समस्या लगातार उत्पन्न होती है। शहर के बाईपास हेतु वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा पायलपुर से भुवरिया मार्ग का दो लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण का कार्य निर्माणाधीन है तथा अन्य तीन तरफ बाईपास/रिंग रोड का निर्माण कराया जाना नितान्त आवश्यक है। जनपद मुख्यालय से बाईपास/रिंग रोड का निर्माण हो जाने से भारी वाहनों का आवागमन बाईपास से होने पर जाम की समस्या से निजात मिल पायेगा। साथ ही जनपद संतकबीरनगर के शहरी विस्तारीकरण को भी नई दिशा मिलेगी, जिसके दृष्टिगत वित्तीय वर्ष 2024-25 में शहरों के बाईपास/रिंग रोड़ योजनान्तर्गत मंझरिया कोडारी कटका मार्ग का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण का कार्य (प्रस्तावित लम्बाई 10.20 कि0मी0/प्रस्तावित लागत 38.76 करोड़), सरैया दशहरा से बधौली सहित अन्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण का कार्य (प्रस्तावित लम्बाई 07 कि0मी0/प्रस्तावित लागत 42.81 करोड़) एवं बड़गो से कुसम्हीडाड़ी सरही धौरहरा होते हुए एन0एच0-28 तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सदृढ़ीकरण का कार्य (प्रस्तावित लम्बाई 09 कि0मी0/प्रस्तावित लागत 34.75 करोड़) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु शासन को जिलाधिकारी द्वारा पत्र भेजा गया है। 


No comments